सिवानी मंडी। करीब तीन दशक से सिवानी को भिवानी जिले से अलग कर हिसार में शामिल करने की मांग उठती रही है लेकिन वर्षों से आश्वासन ही मिल रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के वर्ष 2028 की जनगणना के बाद इस विषय पर विचार किए जाने संबंधी बयान के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे पर नई चर्चा शुरू हो गई है। इसी बीच क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सिवानी के भविष्य को लेकर नई रणनीति अपनाते हुए सिवानी जिला बनाओ संघर्ष समिति का गठन कर दिया है। समिति की ओर से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम जनता को जोड़कर व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
शुक्रवार को माता मनसा देवी मंदिर के सामने स्थित पूर्व सरपंच जयवीर शेरपुरा के कार्यालय में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के पूर्व कर्मचारी प्रधान ईश्वर जांगड़ा को संघर्ष समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि सिवानी क्षेत्र लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार रहा है और क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए अब सिवानी को जिला बनाने की मांग को संगठित रूप से उठाया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के 17 जून को सिवानी दौरे के दौरान लोगों को बड़ी घोषणा की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में जनगणना के बाद सिवानी को भिवानी से अलग कर हिसार में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। इस बयान के बाद लोगों ने अब सिवानी को पूर्ण जिला बनाने का संकल्प लिया है।
समिति अध्यक्ष ईश्वर जांगड़ा ने कहा कि संघर्ष समिति जल्द ही अगली बैठक आयोजित करेगी जिसमें पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री के हालिया कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली गांव खेड़ा की छात्रा को सम्मानित न किए जाने पर रोष व्यक्त किया गया। समिति सदस्यों ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रतिभाओं के सम्मान की मांग की।
_________________________
जल्द शुरू होगा जनसंपर्क अभियान :
समिति के प्रवक्ता सतीश खतरी ने बताया कि सिवानी को जिला बनाने की मांग को लेकर जल्द ही गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक और किसान संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा ताकि सरकार तक जनता की मांग को मजबूती से पहुंचाया जा सके। इस मौके पर पूर्व सरपंच जयवीर शेरपुरा, पूर्व मनोनीत पार्षद कृष्ण फोगला ,दिलबाग श्योराण, अधिवक्ता राजपाल अंबेडकर खेड़ा, पार्षद दीपचंद शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि संजय कौशिक, पार्षद नरेंद्र ख्यालिया आदि उपस्थित रहे।