हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में जॉब के साथ डिग्री करने वालों के लिए बीटेक वर्किंग प्रोफेशनल कोर्स पिछले साल शुरू किया गया था। कोर्स में नए शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिसके तहत मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक वर्किंग प्रोफेशनल की सभी 30 सीटें दूसरी काउंसलिंग में ही भर गई। इसमें जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड के 29 कर्मचारियों ने दाखिला लिया है। इससे पहले के बैच में 25 सीटों पर दाखिले हुए थे। इस कोर्स के लिए एआईसीटीई ने अनुमति दी है।
कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर ने बताया कि एआईसीटीई द्वारा अनुमोदित मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक (वर्किंग प्रोफेशनल) कोर्स पिछले साल शुरू किया गया था और वर्तमान शैक्षणिक सत्र में भी छात्रों ने इसमें प्रवेश लेने में गहरी रुचि दिखाई है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. पुनीत कत्याल ने बताया कि मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक (वर्किंग प्रोफेशनल) कार्यक्रम की कक्षाएं प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में लगाई जाती हैं।
शाम के सत्र में लगती हैं क्लासें
वर्किंग मैकेनिकल इंजीनियरिंग कोर्स में सभी सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। वर्किंग प्रोफेशनल कोर्स करने वाले विद्यार्थियों की क्लासें सोमवार से शनिवार तक रेगुलर शाम को 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक लगाई जा रही हैं। वहीं वर्किंग प्रोफेशनल कोर्स करने वाले युवाओं के लिए लैब का समय प्रत्येक रविवार को सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक रखा गया है।