बास। सर्व जातीय रोघी खाप की एक महत्वपूर्ण पंचायत मंगलवार सुबह 10:30 बजे गांव मसूदपुर स्थित मास्टर फतेहसिंह मेमोरियल स्कूल में आयोजित की जाएगी। खाप प्रधान सुमेर सिंह डाटा ने बताया कि पंचायत का मुख्य उद्देश्य हाल ही में गांव में हुए जलभराव से किसानों को हुए नुकसान की समीक्षा करना है। इस दौरान प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए सरकार से मांग करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।
प्रधान सुमेर सिंह ने कहा कि बैठक में बाढ़ और जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए दीर्घकालिक समाधानों पर चर्चा की जाएगी, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने खाप से जुड़े सभी गांवों के सदस्यों से समय पर पंचायत में पहुंचने और सामूहिक निर्णय में भाग लेने की अपील की है। संवाद