हिसार। एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख करीब आते-आते आखिर वीरवार को वन्य प्राणी विभाग ने मुख्यमंत्री द्वारा दी गई डेडलाइन पर एयरपोर्ट परिसर को वन्य प्राणी मुक्त घोषित कर दिया। इसके साथ ही परिसर के अंदर वन्य जीवों की तलाशी के लिए चलाया जा रहा अभियान भी बंद कर दिया। छह जिलों से आए 400 से अधिक कर्मचारियों ने वीरवार को दो वन्य प्राणी पकड़े। वन्य प्राणी विभाग सभी वन्य जीवों का पकड़ने का दावा करते हुए उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया। इसके बाद पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने एयरपोर्ट क्षेत्र का निरीक्षण किया। उधर, शुक्रवार को एसपीजी एयरपोर्ट परिसर में रिहर्सल करेगी। इसके साथ ही स्थानीय अधिकारियों के साथ एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग (एएसएल) पर बैठक करेगी। नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल भी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर 503 करोड़ रुपये के टर्मिनल का शिलान्यास व हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। पीएम के कार्यक्रम से पहले 8 अप्रैल को सीएम नायब सिंह सैनी हिसार पहुंचे थे। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में वन्य जीवों की मौजूदगी पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को तीन दिन में यानी 10 अप्रैल तक एयरपोर्ट को वन्य प्राणी मुक्त करने का अल्टीमेटम दिया था। इससे दबाव में आए वन्य प्राणी विभाग ने छह जिलों के 400 से अधिक कर्मचारियों की मदद से पूरे एयरपोर्ट परिसर में सर्च अभियान चलाया। वीरवार को दो नीलगाय पकड़ी। इसके बाद पूरे परिसर में दो बार फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन इस दौरान कोई वन्य जीव नहीं मिला। डीसी अनीश यादव, एसपी शशांक कुमार सावन, एडीसी सी जयश्रद्धा, निगम आयुक्त नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारियाें ने एयरपोर्ट क्षेत्र का निरीक्षण कर सीएमओ को रिपोर्ट भेजी।
एयरपोर्ट परिसर में लगी आग...
एयरपाेर्ट परिसर में उगी झाड़ियों में बुधवार देर शाम आग लग गई। एयरपोर्ट के फायर ब्रिगेड स्टेशन की गाड़ियाें ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। आग से किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि वन्य जीवों को झाड़ियों से बाहर निकालने के लिए टीम पटाखे छोड़ रही थी। चिंगारी से सूखी झाड़ियों में आग लग गई।
6 जिलों के 400 कर्मियों ने पूरा किया अभियान
वन्य प्राणी विभाग की टीम के 6 जिलों के 400 से अधिक कर्मचारी-अधिकारी हिसार एयरपोर्ट परिसर में तैनात किए गए थे। पिछले एक सप्ताह से टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। वन्य प्राणी विभाग की टीम ने एयरपोर्ट परिसर के अंदर से 14 वन्य जीव पकड़े हैं। इनके अलावा कुछ वन्य प्राणी एयरपोर्ट परिसर के बाहर से भी पकड़े हैं।