हिसार। महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं का एक और तमगा लगने जा रहा है। हवाई अड्डे पर नाइट लैंडिंग की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) से इस सुविधा की अनुमति मिलने के बाद यहां रात में भी हवाई जहाज उतर और उड़ान भर सकेंगे। अगले सप्ताह डीजीसीए को आवेदन किया जाएगा। फिलहाल एयरपोर्ट पर दिन में ही लैंडिंग व टेकऑफ की सुविधा है।
डीजीसीए की टीम आवेदन मिलने के बाद निरीक्षण करने पहुंचेगी और सब कुछ ठीक पाए जाने पर नाइट लैंडिंग की अनुमति देगी। नाइट लैंडिंग के लिए लाइट्स, पोजिशन लाइट्स, एंटी-कॉलिजन लाइट्स, स्ट्रोब लाइट्स, हवाई अड्डे पर रनवे लाइटिंग, टैक्सी वे लाइटिंग और अप्रोच लाइटिंग का काम पूरा हो गया है। नाइट लैंडिंग की सुविधा नहीं होने की वजह से रात में किसी भी विमान को नहीं उतारा जा सकता है और न ही किसी विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी जा सकती है। नाइट लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद रात के समय व खराब मौसम में भी हवाई सेवाओं का संचालन हो सकेगा। फिलहाल एयरपोर्ट को एक ही शिफ्ट में संचालित किया जा रहा है।
जयपुर के लिए नवंबर में शुरू होगी फ्लाइट
हिसार एयरपोर्ट से अभी दिल्ली, अयोध्या, चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवाएं दी जा रही हैं। तीनों शहरों के लिए सप्ताह में दो-दो दिन फ्लाइट है। हिसार से दिल्ली व अयोध्या के लिए 72 सीटर और चंडीगढ़ के लिए 42 सीटर हवाई जहाज है। तीसरे चरण में हिसार से जयपुर के लिए हवाई सेवा शुरू की जानी है। अलायंस एयरलाइन जयपुर के लिए एक नवंबर से सेवाएं शुरू कर सकती है। चौथे चरण में अहमदाबाद और जम्मू के लिए हवाई सेवा शुरू होने की संभावना है।
अभी शुरू नहीं हुआ नए टर्मिनल का काम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल के लिए शिलान्यास किया था, लेकिन तीन माह बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है। करीब 413 करोड़ रुपये की लागत से यह निर्माण होना है। 17 अप्रैल 2027 तक टर्मिनल का काम पूरा किया जाना है। एयरपोर्ट पर नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) का काम भी शुरू किया जाना है। टर्मिनल बिल्डिंग और एक कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग भी प्रस्तावित है। पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग 37790 वर्ग मीटर में बनेगी, जबकि कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग 2235 वर्ग मीटर में तैयार होगी। इस टर्मिनल की क्षमता 21 लाख पैसेंजर प्रति वर्ष होगी और यह शंख आकार में बनाया जाएगा।
एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा जल्द ही दी जाएगी। इसके लिए सभी कार्य पूरे हो चुके हैं। इसी सप्ताह आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद है अगस्त में हमें नाइट लैंडिंग की अनुमति मिल जाएगी। नए टर्मिनल व एटीसी के काम भी बहुत जल्द शुरू होंगे।
- विपुल गोयल, नागरिक उड्डयन मंत्री, हरियाणा