नगर निगम से टेंडर लेने वाली एजेंसी द्वारा न्यू कोर्ट कॉम्प्लेक्स में बंदर पकड़ने के लिए रखवाया
हिसार। नगर निगम प्रशासन ने शहर में बंदर पकड़ने का काम शुरू करवा दिया है। टेंडर लेने वाली बहादुरगढ़ की एजेंसी ने न्यू कोर्ट कॉम्प्लेक्स, तायल बाग कॉलोनी समेत कई स्थानों पर पिंजरे रखवाए हैं। बंदरों को आकर्षित करने के लिए इनमें चने और अन्य खाद्य सामग्री डाली गई है।
अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने बताया कि नगर निगम ने हाल ही में बंदर पकड़ने के लिए टेंडर लगाया था। एजेंसी को एक बंदर पकड़ने के लिए 1570 रुपये दिए जाएंगे। उसे शहरवासियों को बंदरों से पूरी तरह निजात दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। पकड़े गए बंदरों को फिरोजपुर झिरका के जंगलों में छोड़ा जाएगा।
शहर की कई कॉलोनियों में बंदरों के हुड़दंग से लोग परेशान हैं। आंबेडकर कॉलोनी, न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन और जिंदल अस्पताल के आसपास कई लोगों को बंदर काट चुके हैं।