हिसार। अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश मीडिया कमेटी के हरिओम मित्तल भाली, महिला प्रदेशाध्यक्ष सुशीला सर्राफ ने बताया कि अग्रवाल वैश्य समाज दो लोकसभा व 16 विधानसभा की टिकटों के साथ अपनी दावेदारी पेश करेगा। प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आने वाली 10 मार्च को अंबाला में प्रदेश स्तरीय वैश्य स्वाभिमान सम्मेलन के जरिए समाज इन चुनाव में अपनी टिकटों की मांग को राजनीतिक दलों के सामने रखेगा। चौपाल के माध्यम से वैश्य समाज की एकजुटता, अनिवार्य मतदान और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का संदेश देते हुए सम्मेलन को सफल बनाने का न्योता दे रहे हैं।
ज़िला अध्यक्ष ललित बंसल ने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज पिछले 15 वर्षों से समाज को राजनीति के प्रति जागरूक करने का काम कर रहा है। समाज ने नेताओं की फौज तैयार करने से लेकर विधायको की संख्या बढ़ाने तक का काम किया है। अपने खोए हुए स्वाभिमान को जगाने और वैश्य समाज को राजनीति का केन्द्रबिंदु बनाने की इस लड़ाई में 10 मार्च को अंबाला में होने वाले प्रदेश स्तरीय वैश्य स्वाभिमान सम्मेलन के जरिए अपनी ताकत राजनीतिक दलों को दिखाने जा रहा है। प्रदेश में पिछले 15 सालों से सक्रिय वैश्य समाज के सबसे बडे़ं संगठन अग्रवाल वैश्य समाज ने समाज की राजनीतिक भागीदारी के लिए अपनी भूमिका निभा रहा है।