हिसार। राजगढ़ रोड पर नहर किनारे जहर निगलने वाली मनीषा (30) की अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में वीरवार को दम तोड़ दिया। इससे पहले बुधवार रात उसके सहमति संबंध के साथी सचिन (32) की मौत हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
आजाद नगर थाने के जांच अधिकारी जयदीप ने बताया कि दोनों के जहर निगलने की वजह सामने नहीं आ सकी। परिजन मामले में कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि राजगढ़ रोड पर नहर किनारे प्रेमी जोड़े ने जहर निगल लिया है।
सूचना के बाद पुलिस दोनों को निजी अस्पताल लेकर पहुंची जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। रात करीब नौ बजे दोनों को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। मनीषा को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जबकि रात करीब 11 बजे चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया था।
पति से हो चुका था तलाक
मनीषा रोहतक जिले के गांव गरनावठी की रहने वाली थी। मनीषा के भाई दीपक ने बताया कि उसकी बहन की शादी 14 साल पहले खरड़ अलीपुर में हुई थी। उसका पति सेना में है लेकिन दोनों का तलाक हो चुका था। मनीषा का 12 वर्षीय बेटा अपने पिता के साथ रहता है। वह करीब ढाई माह से सचिन के साथ रह रही थी। बुधवार को परिजनों को दोनों के जहर निगलने की सूचना मिली थी।