हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीवीएससी-एएच और बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों पाठ्यक्रमों के लिए 21 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 2 सितंबर और 1,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ 6 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
लुवास के कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंसेज, हिसार में हरियाणा निवासियों के लिए 75 सीटें हैं। इसके अलावा वीसीआई प्रावधान के तहत 15, कश्मीरी प्रवासियों के लिए एक, जम्मू-कश्मीर निवासियों के लिए एक और एनआरआई के लिए आठ सीटें निर्धारित हैं।
प्रदेश के निजी पशु चिकित्सा महाविद्यालयों में भी सीटें उपलब्ध हैं। आईआईवीईआर बहू अकबरपुर, रोहतक में राज्य कोटे की 45, वीसीआई की 15 और प्रबंधन कोटे की 40 सीटें हैं। आरपीएस कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंसेज, महेंद्रगढ़ में राज्य कोटे की 48 और प्रबंधन कोटे की 32 सीटें हैं। एमआर कॉलेज झज्जर, भूमिका कॉलेज महेंद्रगढ़, बीडीएम कॉलेज चुचंकवास, आइडियल वेटरनरी कॉलेज सिंघानी और एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ वेटरनरी एजुकेशन एंड रिसर्च, टोहाना में राज्य और प्रबंधन कोटे की क्रमश: 48-48 और 32-32 सीटें हैं।
डेयरी टेक्नोलॉजी में 32 सीटें
लुवास के कॉलेज ऑफ डेयरी साइंस एंड टेक्नोलॉजी में बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी के लिए हरियाणा निवासियों की 26 सीटें हैं। इसके अलावा कश्मीरी प्रवासियों और जम्मू-कश्मीर निवासियों के लिए एक-एक तथा आईसीएआर के लिए चार सीटें निर्धारित हैं।
एनआरआई के लिए 2,500 रुपये विलंब शुल्क
बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 2 सितंबर है। इसके बाद 1,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ 6 सितंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। एनआरआई अभ्यर्थियों के लिए विलंब शुल्क 2,500 रुपये निर्धारित है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले विवरणिका में पात्रता, सीटों, शुल्क और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नियमों की जानकारी पढ़ने की सलाह दी गई है।