हिसार। स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए जारी पहली मेरिट सूची के तहत प्रवेश प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। अंतिम दिन जिले के कॉलेजों में विद्यार्थियों की अच्छी-खासी भीड़ रही। अभ्यर्थियों ने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराकर फीस जमा की और अपनी सीट सुनिश्चित की। अब दूसरी मेरिट सूची 30 जुलाई को जारी होगी, जिसके आधार पर प्रवेश प्रक्रिया 30 जुलाई से 3 अगस्त तक चलेगी।
जिले के प्रमुख कॉलेजों में सबसे अधिक दाखिले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुए। यहां पहली मेरिट सूची के तहत 2010 सीटों में से 864 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इनमें सबसे अधिक दाखिले बीए पाठ्यक्रम में हुए। डीएन कॉलेज में 2090 सीटों पर 387 विद्यार्थियों, जाट कॉलेज में 2110 सीटों पर 251 विद्यार्थियों तथा राजकीय महिला महाविद्यालय में 221 विद्यार्थियों ने फीस जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की। इस प्रकार चार प्रमुख कॉलेजों में पहली मेरिट सूची के तहत कुल 1723 विद्यार्थियों ने दाखिला सुनिश्चित किया।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार अंतिम दिन कई ऐसे विद्यार्थी भी पहुंचे, जो पहले दस्तावेजों की कमी या अन्य कारणों से प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। निर्धारित समय के भीतर मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन और फीस जमा कराने वाले विद्यार्थियों का ही प्रवेश मान्य किया गया। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद पहली मेरिट सूची में चयनित, लेकिन प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों का दावा स्वत: समाप्त हो जाएगा।
उच्चतर शिक्षा विभाग के संशोधित प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार दूसरी मेरिट सूची के आधार पर दाखिले 30 जुलाई से 3 अगस्त तक होंगे। इसके बाद भी सीटें रिक्त रहने पर 5 अगस्त को ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल दोबारा खोला जाएगा।
विभाग के कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मेरिट सूची 13 अगस्त को जारी होगी। इस सूची में चयनित विद्यार्थियों को 13 से 19 अगस्त के बीच दस्तावेज सत्यापन, फीस जमा करने सहित सभी प्रवेश औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसके बाद भी सीटें खाली रहने पर संबंधित कॉलेज अपने स्तर पर फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से शेष सीटों पर दाखिले देंगे। कॉलेज प्रशासन ने दूसरी मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों से समय पर दस्तावेज तैयार रखने और निर्धारित अवधि में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।