कोर्ट परिसर स्थित मालखाने में जांच करते एडीजीपी कृष्ण कुमार राव।
हांसी। हिसार रेंज के एडीजीपी कृष्ण कुमार राव ने मंगलवार को पुलिस जिला हांसी के कोर्ट परिसर स्थित मालखाने में जाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीजीपी ने पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों की मात्रा और रिकॉर्ड का मिलान किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन और उप पुलिस अधीक्षक विनोद शंकर भी मौजूद रहे।अधिकारियों के अनुसार जिले में नशा तस्करी के खिलाफ दर्ज 24 मामलों में पुलिस ने कुल 107 किलो 980 ग्राम 500 मिलीग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया है। इसमें 106 किलो 545 ग्राम गांजा, 1 किलो 386 ग्राम चरस और 49 ग्राम 500 मिलीग्राम हेरोइन शामिल है। इसके अलावा दो अन्य मामलों में 39 ग्राम 80 मिलीग्राम अफीम भी जब्त की गई थी।
एडीजीपी ने इन पदार्थों का निरीक्षण करने के बाद तय प्रक्रिया के अनुसार इन्हें वापस मालखाने में रखवाया। अधिकारियों ने बताया कि अदालत से अनुमति मिलने पर सभी जब्त मादक पदार्थों को सरकारी उपक्रम नीमच (मध्यप्रदेश) में पुलिस सुरक्षा के बीच नष्ट किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडीजीपी कृष्ण कुमार राव ने अधिकारियों को नशा विरोधी अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसके खिलाफ सख्ती बरतना बेहद जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और ग्रामीण स्तर तक पुलिस को अलर्ट किया गया है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि नशे का कोई भी मामला सामने आते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।