फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: नगर निगम चुनाव की सरगर्मी शुरू, 24 तक तैयार करनी होगी मतदाता सूची

Tue, 17 Dec 2024 11:17 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। नगर निगम चुनाव के लिए वार्डबंदी की अधिसूचना जारी होने के बाद तैयारी को लेकर प्रशासनिक सरगर्मी बढ़ गई है। हालांकि अभी तिथि फाइनल नहीं की गई है, लेकिन 24 दिसंबर तक मतदाता सूची तैयार कर ली जाएगी। इसके बाद आपत्तियां व दावे मांगे जाएंगे। 15 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मंगलवार को निगम कार्यालय में निगमायुक्त की मौजूदगी में चुनाव से जुड़े अधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी से विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची उपलब्ध करवाने को कहा गया। वहीं, निगम क्षेत्र में बूथों की संख्या को लेकर असमंजस बना हुआ है। इसके लिए निर्वाचन तहसीलदार को पत्र लिखकर नवीनतम बूथों की संख्या उपलब्ध करवाने को कहा है।
विज्ञापन

प्रदेश सरकार की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार हिसार नगर निगम के चुनाव दूसरे चरण में करवाने की बात कही गई है। हालांकि अभी तारीख की घोषणा नहीं की गई है। सोमवार को वार्डबंदी के ड्रॉफ्ट पर अंतिम मुहर लगा दी गई थी। निगम प्रशासन की तरफ से दिसंबर 2023 में की गई वार्डबंदी के समय एकत्र किए आंकड़ों के अनुसार निगम क्षेत्र में 221 बूथ थे। चूंकि इसके बाद लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी हुए हैं। ऐसे में निगम प्रशासन इस संशय में हैं कि निकाय चुनावों के लिए बूथों की संख्या में किसी तरह की बढ़ोतरी तो नहीं हुई। सूत्रों की मानें तो किसी कारणवश बूथों की संख्या बढ़ती है तो निगम अधिकारियों को दिक्कत आ सकती है, क्योंकि जो भी नए बूथ बनेंगे वो दो वार्डों में हाेंगे तो एक वार्ड में करने में कुछ परेशानी आएगी। क्योंकि इस बार वार्डबंदी करते समय पूरे बूथ को एक ही वार्ड में लिया गया है। उपायुक्त ने नगर निगम चुनावों को लेकर एसडीएम हिसार को रिवाइजिंग अथॉरिटी नियुक्त किया है। इसी तरह वार्ड 1-5 के लिए जिला राजस्व अधिकारी, वार्ड 6-10 के लिए तहसीलदार हिसार, वार्ड 11-15 के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी-1, वार्ड 16-20 के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी-2 को सहायक रिवाइजिंग अथॉरिटी नियुक्त किया है।
मतदाताओं का ब्योरा मांगा
निगम प्रशासन ने जिला सूचना अधिकारी से विधानसभा चुनाव के मतदाताओं का ब्योरा मांगा है ताकि इसकी मदद से निगम चुनाव की मतदाता सूची तैयार की जा सके। निगम के पास मौजूद डाटा के अनुसार शहरी क्षेत्र में 2,51,546 मतदाता हैं। बैठक में नगर निगम चुनाव के लिए जिला प्रशासन से विशेषज्ञ चुनाव अधिकारी नियुक्त करने का सुझाव भी रखा गया। इसके पीछे अधिकारियों का तर्क था कि निगम में कोई भी चुनाव विशेषज्ञ नहीं है।
विज्ञापन

इन वार्डों के आरक्षित होने की संभावना
वार्डों में आरक्षण जनसंख्या के आधार पर किया जाना प्रस्तावित है। इस आधार पर वार्ड 9, 18 व 19 के एससी आरक्षित, वार्ड 7 व 10 बीसी-ए और वार्ड 4 बीसी-बी के लिए आरक्षित होने की संभावना है। मगर महिला आरक्षित कौन सा वार्ड होगा, उसके लिए 21 दिसंबर को ड्रॉ निकाला जाएगा।
4 सीटें सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षित रहने की संभावना

निगम चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इस हिसाब से 20 वार्डों में से 7 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने की संभावना है। इनमें एक सीट एससी, एक सीट बीसी-ए, एक सीट बीसी-बी और 4 सीटें सामान्य महिला के लिए आरक्षित रहेंगी। पिछले चुनाव में वार्ड 2, 3, 5, 10, 11 व 13 महिलाओं के लिए आरक्षित थे।
15 जनवरी को संशोधित मतदाता सूची का किया जाएगा अंतिम प्रकाशन
राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम चुनाव को लेकर मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन का शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 15 जनवरी को मतदाताओं की संशोधित सूची का अंतिम प्रकाशन करना होगा। इससे पहले पूर्व में प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के आधार पर 23 दिसंबर तक सभी मतदाताओं को वार्डवार बांटने व 24 दिसंबर को मतदाता सूची का वार्डवार प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद संबंधित मतदाता इस सूची में अपना नाम, पता, फोटो आदि विवरण को देख सकेंगे। प्रारंभिक ड्राफ्ट के आधार पर मतदाता इस सूची में संशोधन कराने, नए वोट बनवाने, वोट कटवाने के लिए निर्धारित प्रारूप में 31 दिसंबर तक आवेदन कर करवा सकते हैं। 4 जनवरी तक दावे और आपत्तियों के तौर पर जमा हुए सभी आवेदनों का निपटान किया जाएगा। मतदाता को किसी निर्णय पर आपत्ति है तो 8 जनवरी तक उपायुक्त के समक्ष अपील कर सकता है। इन अपीलों का निस्तारण 11 जनवरी तक कर दिया जाएगा। इसके बाद 15 जनवरी को नई मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। संशोधित मतदाता सूची के आधार पर निकाय चुनाव कराए जाएंगे।
एससी आरक्षित वार्ड
वार्ड एससी जनसंख्या (प्रतिशत में)
09 29.6
18 31.0
19 27.7

बीसी ए आरक्षित वार्ड
वार्ड बीसी ए जनसंख्या (प्रतिशत में)
07 29.6
10 18.4
(नोट वार्ड 9 में बीसी ए की जनसंख्या कुल जनसंख्या की 23.6 प्रतिशत है, लेकिन इस वार्ड के एससी आरक्षित वार्ड में आ जाने के कारण इसे बीसी-ए के लिए आरक्षित नहीं किया जा सकता।)

बीसी बी आरक्षित वार्ड
वार्ड बीसी-बी जनसंख्या (प्रतिशत में)
04 19.1

चुनाव से जुड़े अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से मतदाता सूची तैयार कराने, वार्ड अनुसार फील्ड में मतदाता सूची में सुधार व अपडेट संबंधी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। - सी जयाश्रद्धा, अतिरिक्त उपायुक्त
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें