सिवानी मंडी। शहर में पानी और सीवरेज के बकाया बिलों की वसूली के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बकायेदार उपभोक्ताओं से संपर्क कर रही हैं और उन्हें 1 अप्रैल तक बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने सहित अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उपमंडल अभियंता कंवरपाल सिंह ने बताया कि लंबे समय से बकाया बिलों के कारण विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कर्मचारियों की टीमें गठित कर उन्हें वार्डवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीमें बकायेदार उपभोक्ताओं को अंतिम नोटिस भी दे रही हैं, ताकि वे समय रहते अपनी देनदारी का निपटान कर सकें।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जलापूर्ति और सीवरेज से संबंधित समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है।
विभाग के कार्यकारी अभियंता ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल बकाया वसूली करना नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर जल और सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने नागरिकों से पानी की बचत करने और अनावश्यक जल बर्बादी से बचने की अपील की। साथ ही घरों का कचरा नालियों में न डालकर कूड़ा संग्रहण वाहन में डालने की सलाह दी, क्योंकि नालियों में कचरा जाने से सीवरेज लाइनें जाम हो जाती हैं और जल निकासी व्यवस्था बाधित होती है।
विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 1 अप्रैल तक अपने बकाया बिल जमा करा दें, ताकि किसी भी सख्त कार्रवाई से बचा जा सके और शहर की जल व सीवरेज व्यवस्था सुचारु बनी रहे।