बरवाला। क्षेत्र के गांव पनिहारी में शुक्रवार को तालाब की भूमि से अवैध कब्जे हटवाने के लिए प्रशासनिक टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट बिजली निगम के एसडीओ प्रदीप हुड्डा पुलिस बल और जेसीबी के साथ पहुंचे। इस दौरान धूणे में ज्वलनशील पदार्थ डालकर कथित बाबा ने स्वयं को आग लगाने की धमकी दी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। ग्रामीणों के विरोध और हालात तनावपूर्ण होने के कारण कब्जा हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी।
गांव में इस मामले को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हैं। एक पक्ष तालाब की भूमि पर बनी गोशाला को बचाने के समर्थन में है जबकि दूसरा पक्ष पंचायत की भूमि से कब्जा हटाने की मांग कर रहा है। सरपंच ने पंचायती भूमि से कब्जा हटाने के लिए पहले ही खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) को लिखित रूप से कार्रवाई करने का आग्रह किया था। इसके बाद शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाओं सहित ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन की कार्रवाई विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी भूमि से कब्जे हटाए जा रहे हैं तो अन्य स्थानों पर हुए कथित अतिक्रमणों, कब्जों पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। संवाद