हिसार। नगर निगम ने शुक्रवार को प्रॉपर्टी टैक्स के बकायेदारों पर कार्रवाई करते हुए एक व्यावसायिक भवन को सील कर दिया जबकि 6 बकायेदारों ने तुरंत ही प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा दिया। निगम में अभी तक 12.13 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा हो चुका है। वहीं छूट के साथ प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के अब 13 दिन ही बचे हैं।
नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स शाखा की टीम सचिव संजय शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को बकायेदारों से टैक्स राशि की वसूली करने के लिए फील्ड में निकली। इस दौरान टीम ने पारिजात चौक पर स्थित एक लॉज को सील कर किया।
लॉज पर करीब 27 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। हालांकि इस कार्रवाई के बाद लॉज संचालक निगम कार्यालय में पहुंचा। यहां उसने आरोप लगाया कि उसके भवन में ही किरायेदार भी बैठे हैं लेकिन टीम ने किरायेदारों की दुकानों को सील नहीं किया।
इन बकायेदारों ने जमा करवाया प्रॉपर्टी टैक्स
इसके अलावा टीम 6 अन्य बकायेदारों से प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने के लिए मौके पर पहुंची। इस दौरान टीम ने बकायेदारों से कहा कि वे अभी टैक्स जमा करवाए वरना उनकी प्रॉपर्टी को सील कर दिया जाएगा। इस पर इन बकायेदारों ने तुरंत टैक्स जमा करवा दिया। किसी ने मौके पर ही टीम को चेक दे दिए तो कोई निगम कार्यालय में जाकर टैक्स जमा करवाकर आया। रेलवे रोड स्थित रेडक्रॉस मार्केट में बने एक होटल ने करीब 4.70 लाख रुपये, जिंदल अस्पताल रोड स्थित एक नर्सिंग कॉलेज ने करीब 8 लाख रुपये, सिरसा रोड स्थित पेट्रोल पंप ने करीब 5 लाख रुपये, बगला रोड स्थित एक गाड़ियों की वर्कशॉप ने करीब 20 लाख रुपये, गणेश नगर स्थित एक वर्कशॉप ने करीब 4.70 लाख रुपये और जिंदल पार्क के सामने स्थित गारमेंट्स शोरूम संचालक ने करीब 4.50 लाख रुपये जमा करवाए।
निगम के एक अधिकारी का रिश्तेदार भी बकायेदारों में शामिल
रेलवे रोड स्थित रेडक्रॉस मार्केट में बना होटल नगर निगम के एक अधिकारी के रिश्तेदार का है। होटल संचालक ने करीब 4-5 साल से टैक्स जमा नहीं करवाया था। इस बारे में जब निगम के अधिकारी से बात की तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस बारे में जानकारी ही नहीं थी कि होटल पर इतना टैक्स बकाया है। अगर उन्हें पता होता तो वह पहले ही यह टैक्स जमा हो जाता।
-
25 करोड़ रुपये से 12.13 करोड़ प्रॉपर्टी टैक्स हुआ जमा
मौजूदा वित्त वर्ष के अभी साढ़े माह ही बीते हैं और अभी तक 12.13 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा हो गया है। इस वित्त वर्ष में निगम प्रशासन ने प्रॉपर्टी टैक्स का लक्ष्य 25 करोड़ रुपये निर्धारित किया है। वहीं अभी प्रॉपर्टी टैक्स पर छूट की योजना भी चल रही है। फिलहाल प्रदेश सरकार की तरफ से मौजूदा वित्त वर्ष के टैक्स पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह छूट योजना 31 जुलाई तक जारी रहेगी।
शहरवासी समय पर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाए ताकि प्रॉपर्टी सीलिंग की कार्रवाई न करनी पड़े। 31 जुलाई तक सरकार की तरफ से प्रॉपर्टी टैक्स पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। छूट का लाभ उठाते हुए समय पर प्रॉपर्टी टैक्स भरें।
- नीरज, निगमायुक्त।