हांसी। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने सोमवार को अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिनों मुख्यमंत्री की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध व कानून व्यवस्था के संबंध में हुई बैठक के सभी एजेंडा प्वाइंट पर इस बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
एसपी ने सभी पुलिस उप अधीक्षकों, थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हम सब की जिम्मेदारी है कि पुलिस के पास आने वाला शिकायतकर्ता पुलिस द्वारा उसकी शिकायत पर की गई कार्रवाई से संतुष्ट हो। पुलिस के पास आने वाली शिकायतें महत्वपूर्ण है। शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने से आमजन में पुलिस कार्रवाई के प्रति संतुष्टि बढ़ती है। प्रतिदिन थाना और चौकी में आने वाली शिकायतों की निगरानी कर समयावधि में उन पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। थाना या चौकी में आने वाले शिकायतकर्ता के साथ सभ्य व्यवहार करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस के पास के पास जनसंवाद, सीएम विंडो, समाधान शिविर से भी शिकायतें आती हैं। उन पर समयावधि में कार्रवाई कर, निपटान सुनिश्चित करें। थानों में लंबित अभियोगों में त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका निपटान कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। संपत्ति विरुद्ध अपराधों में ज्यादा से ज्यादा रिकवरी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति को किसी भी तरह की नशे या आपराधिक गतिविधि के बारे में पता चले तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम हांसी 8813089302 और डायल 112 पर सूचित करें। बैठक में डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी रविंद्र सांगवान, डीएसपी सिद्धार्थ व सभी थाना प्रबंधक, चौकी, प्रभारी, प्रवाचक पुलिस अधीक्षक व इंचार्ज सुरक्षा शाखा हांसी शामिल रहे।
हत्या प्रयास मामले में 11वां आरोपी गिरफ्तार
हांसी। थाना शहर पुलिस ने हत्या प्रयास मामले में मंगलवार को 11वें आरोपी फरमाना निवासी अमन को गिरफ्तार किया है। सिसाय पुल पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर जोगिंद्र ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2022 में नजदीक जींद पुल से सिसाय निवासी दलजीत पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपियों को अवैध हथियार खरीदने के लिए उनके बैंक खाते में पचास हजार रुपये डलवाए थे। पुलिस चौकी सिसाय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस अभियोग में 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।