हिसार। आदमपुर पुलिस ने 1.5 करोड़ की धोखाधड़ी और गबन के मामले में फतेहाबाद की ठाकुर बस्ती निवासी आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। एक जनवरी 2024 को दर्ज कराए गए इस मामले में पुलिस को करीब 19 महीने से आरोपी की तलाश थी।
गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी से रुपये व सोने की बरामदगी के लिए दो दिन का रिमांड मांगा। अदालत ने पुलिस की दलील को स्वीकार करते हुए दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।
जांच अधिकारी उप-निरीक्षक राजबीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लगभग 600 ग्राम सोना सहित 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की धोखाधड़ी की है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गबन किए गए आभूषणों की बरामदगी और मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में आदमपुर निवासी सुशीला ने बताया कि क्रांति चौक स्थित न्यू शांति ज्वैलर्स के नाम से उसके पति विजय कुमार दुकान चलाते थे। उनके साथ उनका रिश्तेदार सुनील उर्फ मनीष भी 15-20 सालों से बैठता था। इसलिए उस पर मार्केट का भी पूरा विश्वास जमा हुआ था। 25 जुलाई 2021 को उसके पति का देहांत हो गया। इसके बाद सुनील उर्फ मनीष अकेला ही दुकान संभालने लगा। वह किराए के रूप में ही खर्चे के पैसे उसे देता था।
26 सितंबर 2023 को अचानक वह गायब हो गया। इस पर उसकी पत्नी ने पुलिस को गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। अब मार्केट से कुछ लोग पैसे मांगने आये तो उन्हें पता चला कि सुनील ने बाजार से पैसे उधार ले रखे थे। उन्होंंने तिजोरी खोली व दुकान की जांच की तो पता चला कि दो साल पहले उसके पति के देहांत के बाद उन्होंने उसे लगभग एक से डेढ़ करोड़ रुपये का सोना-चांदी संभलवाया था वह सब गायब है। सुनील उर्फ मनीष कुमार ने मार्केट के व्यापारियों के साथ-साथ उनके साथ भी बड़ा फ्रॉड किया है। आदमपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर 1 जनवरी 2024 को सुनील उर्फ मनीष कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 व 420 के तहत मामला दर्ज किया था।