हिसार। साइबर थाना हिसार पुलिस ने शेयर निवेश का झांसा देकर 96.61 लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी रोहित शिवाभाई भूटानी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
साइबर थाना के जांच अधिकारी उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि एनसीसीआरपी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायत में एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को व्हाट्सएप के जरिये शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश कराया गया। आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराकर कुल 96,61,990 रुपये की ठगी की। जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने फर्जी निवेश कंपनी, नकली सेबी रजिस्ट्रेशन और फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट के जरिये पीड़ित को विश्वास में लिया। इस मामले में एक आरोपी मेघा मार्डोलकर को कर्नाटक से गिरफ्तार कर 3.20 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया जा चुका है।
आरोपी अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाकर गिरोह को उपलब्ध कराते थे, जिसके बदले कमीशन लेते थे। गिरोह के तार विदेशों तक जुड़े होने के भी साक्ष्य मिले हैं। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।