बास। बिना परमिशन और बिना लाइसेंस के कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) चला रहे आरोपी सरवर पानू को बास थाना पुलिस ने मंगलवार रात को गिरफ्तार किया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ सीएम फ्लाइंग की टीम ने 1 सितंबर को कार्रवाई करते हुए उसकी दुकान से फर्जी मोहर, लेटर पैड, जाली दस्तावेज, जॉब कार्ड और डबल पेंशन से जुड़े प्रमाण बरामद किए थे। इसके बाद बास थाना पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
थाना बास में तैनात सब इंस्पेक्टर महेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी सरवर गांव पुट्ठी में सरवर फोटोस्टेट एंड स्टेशनरी नाम से दुकान चलाता था। सीएम फ्लाइंग टीम की जांच में सामने आया था कि सरवर न केवल पंचायत पुट्ठी की फर्जी मोहर और सरपंच के जाली हस्ताक्षर का उपयोग करता था, बल्कि उसने दो अलग-अलग जन्मतिथियों वाले आधार कार्ड भी बनवा रखे थे। उन्हीं के सहारे वह डबल पेंशन (दिव्यांग और निराश्रित) ले रहा था। 1 सितंबर को सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना की अगुवाई में की गई छापे की कार्रवाई में सरवर मौके से फरार हो गया था। सरपंच धर्मराज उर्फ राजू ने मौके पर ही साफ किया था कि बरामद मोहरें और हस्ताक्षर फर्जी हैं।