बारहवीं की एक छात्रा को तीन युवकों द्वारा घायल करने के मामले में आरोपियों का एक पक्षकार रविवार को सिविल अस्पताल में पहुंचा। लड़की की मां ने बताया कि उसने साफ शब्दों में कहा कि समझौता कर लो, लड़कों का कुछ बिगड़ने वाला नहीं है।
लड़की की मां ने बताया कि खुद को प्रधान बताने वाला पटेल नगर वासी वार्ड में कुछ लोगों के साथ आया। कुछ युवक बाहर खड़े थे, हो सकता है, उनमें आरोपी हो। उस आदमी ने उन पर समझौता बनाने का दबाव बनाया और बोला कि लड़कों का कुछ बिगड़ने वाला नहीं है। महिला ने कहा कि उन्होंने समझौते से इनकार किया तो वह आदमी यह कहकर चलता बना कि देखते हैं क्या बिगड़वाते हो।
वार्ड में खुद को असुरक्षित मान रही छात्रा
सरेराह छात्रा को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। वह छात्रा बिना सुरक्षा के सरकारी अस्पताल के वार्ड में अपना इलाज करा रही है। लड़की की मां ने कहा कि वे भय में जी रहे हैं। जो सरेराह चाकू मार सकते हैं, वे अस्पताल में उनको क्या बख्शेंगे।
एसपी को फोन पर बताई पीड़ा
महिला ने एसपी से फोन पर संपर्क कर मामले में अब तक की कार्रवाई पूछी। बोलीं पुलिस ने कहा था कि दो युवक पकड़ लिया है, मगर उनको छोड़ दिया गया। इस पर एसपी ने उनको थाने में पूछकर बताने की बात कही।
पुलिस ने पहले बुलाया चौकी, सुबह एएसपी ऑफिस
लड़की के मामा ने बताया कि पुलिस ने उनको रविवार शाम को आजाद नगर चौकी बुलाया। वहां उनसे कहा गया कि वे जांच कर रहे हैं। साफ यह नहीं बताया कि आरोपी गिरफ्तार किए या नहीं। हमको फिर सोमवार को सुबह एएसपी ऑफिस बुलाया गया है। उसने कहा कि पुलिस हमारे साथ भेदभाव कर रही है।
मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हमारा प्रयास है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार हो।
-पवन कुमार, इंचार्ज आजाद नगर चौकी।