गांव कोहली में 31 जुलाई की रात को पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर हुए कातिलाना हमले में एक व्यक्ति की मौत के बाद 24 अगस्त को दूसरे व्यक्ति द्वारा दम तोड़ने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए फतेहाबाद जिले के गांव खाबड़ा कला निवासी राकेश को बुधवार को हिसार अदालत में पेश किया। जहां अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। वहीं आदमपुर पुलिस इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बॉक्स
यह था मामला
ज्ञात रहे कि पुलिस को दिए ब्यान में गांव कोहली निवासी विनोद ने बताया था कि शुक्रवार, 31 जुलाई को उनका परिवार खाना खाकर सो गए थे और उसके दादा बीरबल बाहर चबूतरे पर सो गया। रात करीब 10 बजे अचानक दादा बीरबल के चीखने की आवाज सुनाई दी। जिस पर वह अपने पिता व चाचा के साथ बैठक में गए तो वहा पर गांव का ही नवीन, दीपक, रोहताश उर्फ कालू, कृष्ण, भालसिंह, विक्रम व पांच-सात अन्य हाथों में लोहे की पाइप, लाठी, डंडे, सरिये जैसे घातक हथियार लिए हुए थे और उनके दादा को पीट रहे थे। उनके वहां पहुंचते ही उन सभी लोगों ने उन पर भी हमलाकर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। उनका शोर सुनकर उनके ताऊ का बेटा संजय व अन्य पड़ोसी आ गए। जिस पर वे सभी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। विनोद ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसका दीपक के साथ झगड़ा हुआ था। उस समय भी इन लोगों ने उसको जान से मारने की धमकी दी थी। उसी झगड़े को लेकर ही नवीन व दीपक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके परिवार पर जान लेवा हमला किया हैं।