हिसार। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने शीश महल वाली गली स्थित होटल संचालक को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंगाली सूरतिया निवासी पंकज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल को बरामद किया है। उसे पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच अधिकारी सिराजुद्दीन ने बताया कि 26 अप्रैल को गांव नहला निवासी राकेश ने आरोपी पंकज और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट करने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह 25 अप्रैल की रात अपने दोस्त प्रदीप के साथ होटल शीश महल वाली गली में आया था। उसी समय दो लड़के होटल में रूम लेने आए। होटल संचालक ने उनसे आईडी दिखाने को कहा तो वे झगड़ा करने लगे। साथ ही अपने दोस्तों को बुला लिया। उन्होंने होटल संचालक से मारपीट की और पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी।