हिसार। साइबर क्राइम थाना हिसार पुलिस ने शुक्रवार को बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी के आरोप में दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र से आरोपी विक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
एएसपी मयंक मुदगिल ने बताया कि सातरोड़ खुर्द निवासी अनिल ने पुष्पा कॉम्प्लेक्स में मोबाइल पॉइंट नाम से दुकान कर रखी है। दुकान संचालक ने 22 जून को दी शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का भरोसा दिलाया। बातचीत के दौरान आरोपी ने पीड़ित को विश्वास में लेकर उसके मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से 49,440 रुपये निकाल लिये। इस मामले में साइबर क्राइम थाना हिसार में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक राजा राम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।