हिसार। नेशनल हाईवे 9 पर हादसों को रोकने के लिए ढंढूर के पास दो लूप का निर्माण किया जाएगा जिस पर 100 करोड़ की लागत आएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की इस परियोजना पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) निगरानी करेगा। परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए निजी व सरकारी जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
ढंढूर के पास एनएच 9 को एनएच 52 क्रॉस करता है। हादसों के लिहाज से यह चौक ब्लैक स्पॉट है। यहां कई दुर्घटनाएं चुकी हैं। इस चौक पर वाहन चालकों को गलत दिशा में भी चलना पड़ता है। परियोजना के तहत चौक के दोनों तरफ लूप का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 4-4 स्लिप रोड बनाई जाएगी। इसके अलावा मुख्य रोड पर दोनों तरफ वीयूपी (व्हीक्युलर अंडरपास) का निर्माण किया जाएगा। लूप के आकार में स्लिप रोड बनने से वाहन चालक आसानी से किसी भी तरफ मुड़ सकेंगे। वहीं वीयूपी की मदद से हाईवे को पार कर सकेंगे। इन लूप के बनने से इस चौक पर हादसे की आशंका नहीं रहेगी।
15 एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी
परियोजना के लिए अतिरिक्त जमीन की जरूरत पड़ेगी, जो आसपास के किसानों से ली जाएगी। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक करीब 15 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। हालांकि पहले यह परियोजना रिंग रोड का ही हिस्सा थी और इसके लिए जमीन का सर्वे भी कर लिया गया था। मगर निर्धारित समय में जमीन अधिग्रहण न होने के कारण सर्वे को रद्द कर दिया गया।
प्रधानमंत्री कार्यालय करेगा निगरानी
इस परियोजना को उस योजना में शामिल किया गया है, जिनकी निगरानी खुद प्रधानमंत्री कार्यालय करता है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही सिरे भी चढ़ा दिया जाएगा। इससे यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों के साथ-साथ ढंढूर के ग्रामीणों को भी फायदा होगा।
परियोजना पर एक नजर
100 करोड़ की आएगी लागत
15 एकड़ जमीन की जरूरत पडे़गी
4-4 स्लिप रोड बनेंगी दोनों तरफ
पीएमओ करेगी निगरानी
दोनों तरफ वीयूपी का निर्माण किया जाएगा।
जल्द शुरू होगा काम
ढंढूर के पास एनएच 9 पर बने चौक पर लूप बनाए जाएंगे, जिससे वाहन चालक आसानी से आवागमन कर सके और हादसों की आशंका भी नहीं रहेगी। इस परियोजना पर जल्द ही काम शुरू होगा।
- विपिन मंगला, परियोजना निदेशक, एनएचएआई