हिसार। गांव चौधरीवास में मंगलवार सुबह जलती हुई बीड़ी से बिस्तर में आग लगने के कारण 70 वर्षीय बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गया। परिवार के लोगों ने गंभीर हालत में बुजुर्ग को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार जगदीश का शरीर 60 प्रतिशत से अधिक जल चुका था।
गांव चौधरीवास निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई 70 वर्षीय जगदीश की शादी नहीं हुई और वह उनके पास ही रहता था। मंगलवार सुबह घर पर वे अकेले थे। इस दाैरान बिस्तर में बैठकर बीड़ी पी रहे थे, तभी जलती हुई बीड़ी उसके बिस्तर में गिर गई, जिससे आग लग गई।जगदीश मानसिक रूप से बीमार हैं, जिससे उसे आग लगने का पता भी नहीं चल पाया। परिवार के अन्य सदस्यों ने जब आग की लपटों को देखा तो बुझाने का प्रयास किया और जगदीश को अस्पताल लेकर पहुंचे। सामान्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।