हांसी जींद मार्ग पर गगनखेड़ी के समीप सड़क हादसे में चार लोगों की हुई मौत से गांव जमालपुर निवासी उमेद के परिवार को झकझोर कर रख दिया है। दिल दहला देने वाली इस घटना से गांव में गमगीन का माहौल है, यहां तक कि शाम को गांव में किसी के घर में चूल्हा तक नहीं जला। गांव के पूर्व सरपंच सुभाष चंद ने बताया कि मौत के इस तांडव से गांववासी व परिवारजन गहरे सदमे में है।
गौरतलब है कि उमेद सिंह की एक दिन पूर्व कुरूक्षेत्र निवासी मनीता के साथ शादी हुई थी। अभी मनीता की हाथों की मेहंदी सूखी भी नहीं थी कि उसकी मांग का सिंदूर सड़क हादसें में उजड़ गया। उमेद 8 बहनों का इकलौता भाई था जो सब बहनों से छोटा था। बहनों ने बड़े लाड-प्यार से अपने छोटे भाई की शादी की थी लेकिन इस सड़क हादसें ने उनकी खुशियां छीन ली। इस सड़क हादसें में उमेद की बहन ने अपने भाई के साथ अपने पति रोशन लाल को भी खो दिया है। नागरिक अस्पताल में मृतक के परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस घटना को लेकर दोनों परिवार के लोग सदमें में है।
बहू का आशीर्वाद देने के लिए उमेद के घर पर ही ठहरे थे रिश्तेदार
उमेद सिंह की शादी बड़ी धूमधाम से की गई थी, पूरे परिवार में रिश्तेदार व गांववासियों को न्यौता दिया गया था। यहां तक कि मेहमान उमेद के घर में अभी भी ठहरे हुए थे, ये सोच कर कि पगफेरे लेने के बाद जब बहू घर पर आएगी इसके बाद उन्हें आशीर्वाद देकर अपने घर प्रस्थान करेंगे। लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि उन्हें इस प्रकार का दर्दनाक हादसे का समाचार मिलेगा।
पति की मौत से बेखबर है मनीता
बदनसीब मनीता को अभी तक उसके पति की मौत की सूचना नहीं दी गई है। इस हादसे में मनीता के टांगों में फैक्चर आया है। जिसका ऑप्रेशन हिसार के निजी अस्पताल में चल रहा है। होश आने के बाद मनीता के दिल पर क्या बीतेगी इसको लेकर दोनों परिवार के लोग चिंतित व बैचेन हैं।