हिसार। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) एवं हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएच) महेंद्रगढ़ के मध्य समझौता ज्ञापन शैक्षणिक एवं अनुसंधान पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
समझौता ज्ञापन पर एचएयू की तरफ से मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. रमेश कुमार व स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. केडी शर्मा और केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ की ओर से विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार व निदेशक आईक्यूएसी प्रो. सुरेंद्र सिंह ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता दोनों संस्थाओं के बीच शैक्षणिक और अनुसंधान के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एचएयू के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने कहा कि यह समझौता प्रदेश और देश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार आधारित शोध में सहयोग प्रदान करेगा। यह सहभागिता हरियाणा राज्य के शिक्षा एवं अनुसंधान परिदृश्य को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी और छात्रों व शोधार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।
उन्होंने बताया कि दोनों विश्वविद्यालय समझौते के अंतर्गत सांझा अनुसंधान परियोजनाओं, छात्र एवं फैकल्टी आदान-प्रदान, संयुक्त कार्य शालाओं, सेमिनारों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। साथ ही दोनों संस्थान कृषि, पर्यावरणीय विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग करेंगे।