हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से आए दिन किसी न किसी दिक्कत की खबरें सामने आती रहती हैं। पहले फ्लाइट समय पर नहीं पहुंचने को लेकर एयरपोर्ट सुर्खियों में बना रहा तो अब एक नया मामला सामने आया है, जो हास्यास्पद बन गया है। 23 मई शुक्रवार को फ्लाइट के अंदर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अयोध्या जाने वाले यात्री गर्मी में परेशान हो रहे हैं। यात्री अखबार को पंखा बनाकर हाथ से हवा करते नजर आ रहे हैं। इसका कारण ये बताया कि फ्लाइट का एसी खराब हो गया था। इस कारण लोग गर्मी से परेशान हो गए। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी साल 14 मार्च को हिसार से अयोध्या और दिल्ली के लिए उड़ान सेवा शुरू की थी। हर सोमवार और शुक्रवार को हिसार से अयोध्या और दिल्ली के लिए विमान जाता है। वहीं जयपुर, जम्मू, अहमदाबाद और चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट सेवा जल्द शुरू हो जाएगी।
यात्री हुए नाखुश
मगर जिस तरह से एलायंस एयर कंपनी फ्लाइट का संचालन कर रही है, यात्री उससे खुश नहीं हैं। अयोध्या जाने वालों में अधिकतर यात्री वरिष्ठ नागरिक थे, ऐसे में एसी खराब होने से उनको घुटन और उमस का सामना करना पड़ा। यात्री दो घंटे तक गर्मी से परेशान हुए। हिसार से अयोध्या के लिए विमान सेवा का समय सुबह 10 बजकर 35 मिनट का है। यह विमान दिल्ली होकर अयोध्या जाता है। अयोध्या में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे विमान उतरता है। इसके बाद दोपहर 3 बजे यह फ्लाइट वापस हिसार आती है। इसी तरह हिसार से दिल्ली दोपहर 3 बजकर 25 मिनट पर विमान सेवा है, जो शाम 4:05 बजे दिल्ली पहुंचती है।