हिसार। शिव कॉलोनी निवासी एक युवक पर बुधवार दोपहर 7-8 युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट के साथ चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। घायल का जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिव कॉलोनी निवासी विकास ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ बाइक पर मोहित की बहन के घर कैंट जा रहा था। दोपहर करीब तीन बजे जब वे सेक्टर-27/28 नहर पुलिया के पास रुके, तभी 7-8 युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों में सावन, आकाश, प्रिंस, सत्यम, ननका, तेजू और शुभम शामिल थे। आरोप है कि आकाश ने चाकू से मोहित के कुल्हे पर वार कर दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
अर्बन एस्टेट थाना के जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।