हिसार। सेक्टर-4 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले राहुल ने अपनी पत्नी से परेशान होकर फंदा लगा लिया। वीरवार दोपहर को उसका शव कमरे में पंखे से लटकता मिला। घटना का पता चलने पर परिजन और एचटीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। वहीं, भाई मुकेश की शिकायत पर मृतक की पत्नी भावना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
मील गेट एरिया स्थित आदर्श कॉलोनी में रहने वाले मुकेश ने बताया कि वे मूलरूप से मध्यप्रदेश के जिला दमोह के रहने वाले हैं। छोटे भाई राहुल ने करीब छह साल पहले आदर्श काॅलोनी की भावना के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से भाई पत्नी के साथ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था। उसने बताया था कि भावना छोटी-छोटी बातों पर उसे परेशान करती है। बुधवार शाम को भाई का फोन आया था और उसने कहा कि भावना काफी परेशान कर रही है। इसके बाद भाई के घर गया और उसको समझाया। वीरवार सुबह मां मालती के साथ भाई के घर गया। दरवाजा अंदर से बंद था तो वापस आ गए। करीब 11 बजे दोबारा घर गए लेकिन भाई ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद मकान मालिक के पास फोन किया तो उसने कहा दरवाजा तोड़ दो। दरवाजा तोड़ा तो भाई रस्सी के जरिये पंखे से लटका मिला।
मृतक के भाई के बयान पर भावना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। हर पहलु पर मामले की जांच की जा रही है। - सुनील कुमार, एएसआई, एचटीएम थाना।