नारनौंद में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस।
नारनौंद (हिसार)। फिंगर चिप्स कच्ची होने की शिकायत करने पर रविवार रात करीब 9:30 बजे रॉयल ब्लू होटल नया बस अड्डे के सामने राजपुरा निवासी अंकित (22) की चाकू-सुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद सहित 4 व 5 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
भाई अमन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे अंकित अपने दोस्तों भिवानी निवासी कपिल और माजरा निवासी अनूप के साथ रॉयल ब्लू फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट में बैठकर फिंगर चिप्स खा रहा था। अंकित के फिंगर चिप्स कच्ची होने की शिकायत करने परभैणी अमीरपुर ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रदीप ने अंकित को धक्का दे दिया। इसके बाद प्रदीप और उसके 4-5 साथियों ने चाकू-सुओं और तेजधार हथियारों से अंकित पर हमला कर दिया।
प्रदीप ने तेजधार हथियार से अंकित की दाएं बाजू पर वार किया और उसके चार पांच अन्य साथियों ने उसकी कमर और हाथों पर चाकू से वार किए। प्रदीप ने अनूप पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
गंभीर रूप से घायल अंकित को कपिल और अनूप ने पहले हांसी के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टर ने उसे हिसार ले जाने की सलाह दी। रास्ते में अंकित ने अपने छोटे भाई अमन को पूरी घटना बताई और फिर बेहोश हो गया। उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमन ने पुलिस को बताया कि प्रदीप और उसके साथियों ने सुओं और तेजधार हथियारों से अंकित की हत्या की है।
पुलिस ने अमन के बयान पर भैणी अमीरपुर निवासी प्रदीप व पांच अन्य के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हिसार पोस्टमार्टम करवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
मृतक के भाई के बयान दर्ज कर एक नामजद व 4-5 अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बलवान सिंह, थाना प्रभारी नारनौंद।