हिसार। डीएन कॉलेज रोड रेलवे फाटक पर खड़ी तेल टैंकर वैगन ट्रेन के ऊपर चढ़कर फोटो खिंचवाने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक अंकुश की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच के अनुसार फतेहचंद कॉलोनी निवासी अंकुश सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। डीएन कॉलेज रोड रेलवे फाटक बंद होने के कारण वहां तेल टैंकर वैगन ट्रेन खड़ी थी। इसी दौरान अंकुश सीढ़ियों के सहारे एक टैंकर पर चढ़ गया और दोस्तों से उसकी फोटो लेने को कहा। तभी वह 25 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
हादसे में वह करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया। दोस्त उसे गंभीर हालत में पहले जिला नागरिक अस्पताल और बाद में सेक्टर-14 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां बुधवार दोपहर करीब एक बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शाम सात बजे बिना बताए घर से निकला था अंकुश
पुलिस को दिए बयान में एचएयू निवासी अनीत कुमार ने बताया कि उसके चाचा सोमबीर के बेटे वीरेंद्र के तीन बच्चे हैं जिनमें अंकुश दूसरे नंबर पर था। वह अविवाहित था। 18 मई की शाम करीब सात बजे वह बिना बताए घर से चला गया था। रात करीब साढ़े 12 बजे पड़ोस के एक युवक ने सूचना दी कि अंकुश को करंट लग गया है और वह डीएन कॉलेज रोड पर पड़ा है। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे जिला नागरिक अस्पताल ले गए। वहां से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर करने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।