सेक्टर 27 28 में बनाए घी के गोदाम में जांच करती टीम।
हिसार। मिलावटी घी के भंडारण और बिक्री की आशंका पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ सेक्टर 27-28 स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। यहां आठ ब्रांड के करीब 6952 लीटर पैक्ड घी का भंडारण मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के लिए घी के 32 सैंपल लिए हैं।
वहीं गोदाम संचालक के खाद्य सुरक्षा लाइसेंस और जीएसटी रिकॉर्ड में भी अनियमितताएं सामने आई हैं। जीएसटी लाइसेंस में दर्ज पते से अलग स्थान पर कारोबार किए जाने की भी जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई का नेतृत्व मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हिसार-2 सतीश, खाद्य सुरक्षा अधिकारी काजल, एएसआई सुरेंद्र और हेड कांस्टेबल विजय शामिल रहे।
जांच के दौरान संचालक ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का लाइसेंस प्रस्तुत किया। टीम के अनुसार, इसमें गोदाम या परिसर का स्पष्ट मकान नंबर अथवा गोदाम नंबर दर्ज नहीं था। ऐसे में लाइसेंस में दर्ज पते और मौके पर संचालित गतिविधियों की भी पड़ताल की गई। गोदाम के बाहर नियमानुसार जीएसटी सूचना बोर्ड भी नहीं लगा मिला। प्रारंभिक जांच में जीएसटी लाइसेंस में दर्ज पते और वास्तविक कारोबार के स्थान में अंतर सामने आया।
कराधान विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार रिकॉर्ड की पड़ताल पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सैंपल रिपोर्ट के बाद मिलावट का पता चलेगा।