हिसार। शहर के बीकानेर चौक पर व्हीकुलर (सड़क के नीचे से) अंडरपास बनाने के लिए बीएंडआर ने 18.28 करोड़ रुपये का रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। अंडरपास के बनने से चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान होगा।
शहर को जाम मुक्त करने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने बीकानेर चौक पर अंडरपास बनाने का निर्णय लिया था। अधिकारियों के अनुसार, चौक पर पर्याप्त जगह होने के कारण निर्माण में कोई कठिनाई नहीं होगी।
559 मीटर लंबा होगा अंडरपास : यह अंडरपास लगभग 559 मीटर लंबा होगा। इसके निर्माण के बाद रेड स्क्वेयर और ग्रीन स्क्वेयर मार्केट की तरफ जाने वाले वाहन बिना रुके अंडरपास से गुजर सकेंगे। वर्तमान में यहां ट्रैफिक लाइट लगी है, लेकिन अक्सर यह काम नहीं करती और ट्रैफिक मैनुअली नियंत्रित किया जाता है। इसी कारण वाहन चालकों को अक्सर लंबा समय जाम में बिताना पड़ता है।
स्लिप रोड का एस्टीमेट भी तैयार : अधिकारियों ने डाबड़ा चौक और ऑटो मार्केट के पास स्लिप रोड निर्माण का डिटेल एस्टीमेट भी मुख्यालय भेज दिया है। तुलसी चौक की एनओसी अभी तक नहीं मिली है, जबकि राजगढ़ रोड के लघु सचिवालय के पास स्लिप रोड की एनओसी मिल गई है।
लेकिन इसका डिटेल एस्टीमेट अभी तैयार नहीं किया गया है। इसके अलावा, लक्ष्मीबाई चौक से टाउन पार्क तक रोड को सिक्सलेन करने के लिए अभी तक सिंचाई विभाग और पर्यटन विभाग की एनओसी नहीं मिली है। ब्यूरो