नारनौंद। मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर नीति के विरोध में नर्सिंग अधिकारियों ने सोमवार से तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इसके तहत वे रोजाना सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक काम से अलग रहकर विरोध जता रहे हैं। सोमवार को भी नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे कार्य बहिष्कार किया।
नर्सिंग अधिकारी सुमन कुंडू, सुरेश देवी, मंजू वाला, रेनू दुहन, सुनीता सिहाग, सरोज बाला व सोमबीर ने कहा कि ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया में नर्सिंग स्टाफ की व्यावहारिक समस्याओं और पदों की स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है। मौजूदा नीति से कर्मचारियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने सरकार से नीति की समीक्षा कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की। नर्सिंग अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए स्थानांतरण नीति बनाते समय सेवा संबंधी परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से जल्द बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की, ताकि आंदोलन को आगे बढ़ाने की जरूरत न पड़े।