हिसार। गुजरात की मुद्रा बंदरगाह से करीब 7 महीने पहले चला 400 टायर वाला ट्रॉला शनिवार को हिसार पहुंचा। ट्रॉला सैकडों टन वजन की मशीन लेकर बठिंडा जा रहा है। इसमें रिफाइनरी मशीन पार्ट हैं। इस मशीन के वहां जाने के बाद सभी पार्ट को असेंबल कर पूरी मशीन तैयार कर तेल रिफाइनरी के काम में ली जाएगी। ट्रॉला के साथ करीब 50 लोगों का दल चल रहा है।
कंपनी के अधिकारी ट्रॉले के साथ रास्ता साफ कराते हुए चल रहे हैं। यह हर रोज 7 किलोमीटर का सफर ही कर पाता है। नेशनल हाईवे 9 पर पहुंचे इस लोडिंग ट्रॉले को बठिंडा रिफाइनरी तक पहुंचाने के लिए हाईवे पर आ रहे अवरोधों को दूर किया जा रहा है। लांधड़ी टोल प्लाजा से आगे अग्रोहा चौक पर नेशनल हाईवे की सर्विस लाइन के साथ बनाए गए बरसाती नाले को मिट्टी और पत्थरों से भरकर रोड रोलर से जमाया जा रहा है। रोड के साथ कच्चे रास्ते को भी रोड रोलर से समतल कर तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि भारी भरकम मशीन कहीं रास्ते में सड़क पर धंस न जाए। सर्विस लाइन के साथ बाजार में आने वाले मंदिर दुकानों के आगे रैंप और सीढ़ियों को भी तुड़वाया जा रहा। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से लेकर फाजिल्का तक नेशनल हाईवे पर करीब आठ मीटर का साफ रास्ता चाहिए।