हिसार। बीएसएनएल कार्यालय के पास स्थित एसबीआई एटीएम से नकदी चोरी मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए-1 की टीम नूंह रवाना हो गई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी जिसके आधार पर टीम आरोपियों को साथ लेकर नूंह पहुंची है। पुलिस को उम्मीद है कि मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
इससे पहले सीआईए-1 ने मध्य प्रदेश के पिपरिया जिले के गांव बिरदौल निवासी पांडू उर्फ चंद्रराम तथा कुहाड़ावास निवासी (हाल निवासी सिसाना, जिला झुंझुनूं, राजस्थान) हरिया उर्फ कालूराम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो एटीएम मशीनों को काटकर नकदी चोरी की वारदातों को अंजाम देता है।
आरोपियों ने बीएसएनएल कार्यालय के पास स्थित एसबीआई एटीएम से नकदी चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम में से उनके हिस्से के 13 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
बालसमंद एटीएम चोरी में भी संलिप्तता की आशंका
जिस रात एसबीआई एटीएम में चोरी हुई थी उसी रात बालसमंद स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में भी चोरी की वारदात हुई थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इस घटना के पीछे भी यही गिरोह हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।