हिसार। पराली जलाने के मामलों की पड़ताल के लिए शुक्रवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग नई दिल्ली की टीम हिसार पहुंचेगी। टीम चार जिलों के डीसी, एसपी, कृषि उप निदेशकों सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर पराली प्रबंधन और आगजनी की घटनाओं की समीक्षा करेगी।
आयोग के तकनीकी सदस्य डॉ. एसडी अत्री और वैज्ञानिक-बी डॉ. गजेंद्र कुमार गौरव सुबह 11 बजे लघु सचिवालय के कांफ्रेंस रूम में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में धान कटाई सीजन-2026 के दौरान पराली जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा होगी। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों से इस सीजन की स्थिति की तुलना भी की जाएगी।
दोपहर बाद आयोग की टीम बरवाला, पाबड़ा, खैरी और सहू गांवों में पहुंचेगी। यहां चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में खेतों का निरीक्षण कर पराली जलाने के मामलों की वास्तविक स्थिति जांची जाएगी। खैरी गांव में पराली से पैलेट बनाने की यूनिट का मुआयना भी किया जाएगा।
हिसार जिले में इस सीजन में सैटेलाइट के माध्यम से पराली जलाने के आठ मामलों की रिपोर्ट मिली है। कृषि विभाग की टीम ने मौके पर जांच की तो इनमें से चार मामले सही पाए गए जबकि चार गलत मिले। सही पाए गए चार मामलों में से तीन में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।