बास। हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोमवार शाम करीब 5 बजे पीछे से आ रहे कैंटर चालक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कार सवार को चोट नहीं आई। चालक ने बताया कि सड़क पर गहरा गड्ढा होने पर उसने कार की गति को धीमा किया तो कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी।
चरखी दादरी की दयानंद काॅलोनी निवासी सीताराम सोमवार शाम निजी कार्य से हांसी आए थे। वापसी के दौरान जब वे गढ़ी गांव के पास पहुंचे, तो सड़क पर बने गड्ढे से बचाने के प्रयास में उन्होंने कार की गति धीमी कर दी। उसी समय पीछे से आ रहे कैंटर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कैंटर चालक की पहचान राम सुरत कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर सीताराम ने तुरंत सोरखी पुलिस चौकी जाकर रिपोर्ट दी। एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और कैंटर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।