फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा से चौकीदार ने की छेड़छाड़

विज्ञापन
विज्ञापन
अग्रोहा (हिसार)। थाना क्षेत्र के एक गांव में सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा से चौकीदार द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना वीरवार शाम की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शुक्रवार को उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने हाॅस्टल वार्डन पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन

अग्रोहा थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी ने क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में दाखिला लिया है। वह स्कूल के छात्रावास में रह रही है। वीरवार शाम बेटी छात्रावास से बाहर आई तो चौकीदार ने अपने कमरे बुलाकर उससे छेड़छाड़ की। इस घटना से सहमी बेटी भागकर वार्डन के पास पहुंची और आपबीती बताई। आरोप है कि वार्डन ने मामले को दबाने की कोशिश की।
शिक्षक से फोन लेकर मांं को बताई घटना
महिला के मुताबिक शुक्रवार को बेटी ने किसी शिक्षक से फोन लेकर उससे बातचीत की और बताया कि उसके पेट में दर्द है। ऐसा कहते हुए वह रोने लगी। इसके बाद वह परिवारीजनों के साथ स्कूल पहुंचीं। इन्हें देखकर छात्रा ने रोते-रोते आपबीती सुनाई। परिजनों ने स्कूल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। शिक्षा विभाग से जिला परियोजना अधिकारी विजेंद्र सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी विजेंद्र पूनिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार और एसआई नीलम रानी ने हॉस्टल पहुंचकर छात्रा और उसके परिजनों से घटनाक्रम का ब्योरा लिया। इसके बाद आरोपी चौकीदार को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पर पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शनिवार को स्कूल जाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षकों और विद्यार्थियों के बयान भी लिए जाएंगे।
विज्ञापन

2025 में भी सामने आया था मामला
पिछले साल अगस्त में जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। परिजनों का आरोप था कि चपरासी करीब एक साल से छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहा था।
मुर्गा बनाने का वीडियो भी वायरल
अग्रोहा क्षेत्र के गांव जगान के राजकीय हाई स्कूल में छात्राओं को सजा के तौर पर मुर्गा बनाकर स्कूल परिसर में घुमाने का वीडियो भी वायरल हुआ था। इस मामले में शिक्षा विभाग ने जांच कमेटी बनाई थी। महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया भी जांच के लिए स्कूल पहुंची थी। हालांंकि छात्राओं ने कहा कि वह खेल-खेल में ऐसा कर रही थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें