हिसार। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जहाजपुल में सोमवार को फ्रेंच भाषा कार्यक्रम फ्रेंच फॉर ऑल, फ्रेंच फॉर ए बेटर फ्यूचर का शुभारंभ किया गया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग और फ्रेंच दूतावास के संयुक्त सहयोग से संचालित इस योजना के लिए प्रदेश के 26 सरकारी विद्यालयों का चयन किया गया है जिसमें हिसार जिले से यह एकमात्र विद्यालय शामिल है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के तहत बहुभाषी शिक्षा विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, रोजगार और वैश्विक अवसरों के नए रास्ते खोलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय परियोजना में विद्यालय का चयन होना गौरव की बात है। फ्रेंच नोडल शिक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शिक्षकों को करीब एक वर्ष तक विशेष प्रशिक्षण दिया गया जिसके बाद चयनित स्कूलों में यह कार्यक्रम शुरू हुआ है।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक और व्यावहारिक तरीके से फ्रेंच भाषा सिखाई जाएगी। कार्यक्रम में छात्राओं ने भारत-फ्रांस मैत्री और कार्यक्रम की थीम पर रंगोली बनाकर आकर्षण बढ़ाया। संचालन मंजू शर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार आदि माैजूद रहे।