हिसार। सेक्टर-15 क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही दो बच्चों की मां 24 वर्षीय प्रवासी महिला ने सोमवार देर रात करीब तीन बजे फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसका पति पास में ही सो रहा था।
सूचना मिलने पर अनाज मंडी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर इत्फाकिया मौत की कार्रवाई की है।
गांव पवई, मध्यप्रदेश निवासी सिया सिंह ने बताया कि उसकी बहन विद्याबाई की शादी रामप्रताप से हुई थी। दोनों के तीन वर्षीय दीपेंद्र और दो वर्षीय विपेंद्र नाम के दो बच्चे हैं। परिवार काफी समय से काम के सिलसिले में हिसार में रह रहा था। सेक्टर-15 में निर्माणाधीन मकान में किराये पर रहने के साथ दंपती मजदूरी करता था।
विद्याबाई के भाई सिया सिंह और भाभी ममता गुरुग्राम में रहते हैं। उन्हें हिसार पुलिस ने फोन कर विद्याबाई की मौत की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग हिसार पहुंचे। परिजनों के अनुसार विद्याबाई काफी समय से मानसिक परेशानी से जूझ रही थी। सोमवार देर रात उसने कमरे में फंदा लगा लिया। उस समय उसका पति रामप्रताप पास में ही सो रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर अनाज मंडी चौकी से जांच अधिकारी सुमन देवी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।