ऑटो मार्केट में इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में आग लगने के बाद दुकानदार चर्चा करते हुए।
हिसार। ऑटो मार्केट स्थित एक वाहन शोरूम में सोमवार रात भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग देखते ही देखते लपटों में बदल गई। इससे शोरूम में रखीं 70 ई-स्कूटी और 100 बैटरियां राख हो गईं। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शोरूम मालिक ने आग से लाखों के नुकसान का दावा किया है। मार्केट में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि आग दूसरी दुकानों तक फैलती, उससे पहले ही बुझा दी गई। इसके अलावा दमकल विभाग को जिले भर से 14 जगह आग लगने की सूचनाएं मिलीं।
जिला अग्निशमन अधिकारी सुरेश मान ने बताया कि ऑटो मार्केट में दुकान नंबर 305 टीआरएल ई-स्कूटी व बैटरी एजेंसी में रात करीब 9 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकलकर्मियों के मौके पर भेजा। टीम के पहुंचने तक आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल था। फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने 2 घंटे बाद करीब 11 बजे आग पर काबू पा लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही एजेंसी संचालक मयंक अनेजा और अमन भूटानी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे पार्टनरशिप में एजेंसी चला रहे हैं। आग ने कुछ देर में ही 70 ई-स्कूटी और 100 बैटरियों को जलाकर राख कर दिया। इससे लाखों का नुकसान हो गया है। सिटी थाना एसएचओ मोहम्मद रफीक ने मौके पर पहुंच कर आसपास के दुकानदारों को आग लगने की सूचना देकर बुलाया ताकि वे अपने प्रतिष्ठानों को बचाने के उपाय कर सकें। मयंक अनेजा ने बताया कि लोगों ने एजेंसी से धुआं निकलता देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग पूरी तरह भड़क चुकी थी।
शांति नगर में मकान, तोशाम रोड पर गोदाम में आग
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि शांति नगर में एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। करीब 30 मिनट में इस आग पर काबू पा लिया। मकान के पड़ोस में रहने वाले युवक रोहन ने फायर ब्रिगेड की सूचना दी। डाबड़ा चौक से तोशाम रोड पर एक गोदाम में रखे कबाड़ में भी आग लग गई जिसे दमकल विभाग ने समय रहते बुझा दिया।