हिसार। साइबर ठगों ने अमेरिका में रह रहे युवक की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसके चाचा से 2 लाख 44 हजार 999 रुपये ठग लिए। ठग ने खुद को भतीजा बताकर वेस्टर्न यूनियन से पैसे भेजने का झांसा दिया और वीजा क्लियर कराने के नाम पर रकम खातों में ट्रांसफर करवा ली। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्ञानपुरा निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि 4 मई को उसकी फेसबुक आईडी पर सचिन पूनिया नाम की आईडी से मैसेंजर कॉल आई। प्रोफाइल फोटो और बातचीत से उसे लगा कि अमेरिका में रह रहा उसका भतीजा सचिन ही बात कर रहा है। आरोपी ने वेस्टर्न यूनियन से रुपये भेजने की बात कहकर आधार कार्ड और मोबाइल नंबर ले लिया।
अगले दिन आरोपी ने 10.40 लाख रुपये की फर्जी रसीद भेजी और कहा कि वीजा एजेंट वीरेंद्र ठाकुर को 2.45 लाख रुपये देने हैं। झांसे में आकर विनोद ने अलग-अलग खातों से कुल 2,44,999 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में मैसेंजर पर ब्लॉक होने पर उसे ठगी का पता चला। शिकायत के बाद पुलिस ने एनसीसीआरपी पोर्टल के माध्यम से जांच शुरू कर दी है।