हिसार। श्यामलाल ढाणी में शुक्रवार रात युवकों ने एक घर पर ईंटें बरसा दीं और कार के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। एचटीएम थाने से जांच अधिकारी सरजुद्दीन ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
श्यामलाल ढाणी निवासी दिनेश ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:50 बजे तरुण, कपिल, मोहित, गौरव, सुमित और सवान समेत अन्य युवक डंडे लेकर उसके ताऊ के बेटे रजत के घर पहुंचे। आरोपियों ने फोन पर गाली-गलौज व धमकी दी। इसके बाद गली और घरों पर ईंटें बरसाईं तथा कार के शीशे तोड़ दिए। दिनेश ने बताया कि आरोपियों ने काफी देर तक दहशत का माहौल बनाए रखा। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। ब्यूरो