हिसार। नशे की लत पूरी करने के लिए कार में लिफ्ट लेकर दुकानदार से 70 हजार रुपये की नकदी चोरी करने वाली महिला चोर को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 33 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
शहर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान अंजलि के रूप में हुई है। वह नशे की आदी है और इसी लत को पूरा करने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर महिला को आजाद नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी सिटी थाने में चोरी का मामला दर्ज है। महिला के अलग-अलग पते मिले हैं, फिलहाल उसे आजाद नगर का बताया गया है। वारदात में उसके साथ बाइक पर आया युवक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
“दिल साफ है”, इसलिए चाबियों वाला बैग लौटाया
थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने कहा कि उसका दिल साफ है। बैग में नकदी के साथ दुकान की चाबियां भी थीं। दुकानदार को परेशानी न हो, इसलिए उसने दुकान के आसपास चाबियों से भरा बैग फेंक दिया। इसी दौरान वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस उस तक पहुंच गई।
क्या है मामला
सेक्टर-14 निवासी हरीश सुभाष मार्केट में एचके स्टेशनरी की एजेंसी चलाते हैं। पिछले बुधवार रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर कार से घर जा रहे थे। पारिजात चौक के पास एक महिला ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर सुशीला भवन छोड़ने के लिए लिफ्ट मांगी। कार में बैठते ही महिला ने डैशबोर्ड में रखा बैग चोरी कर लिया, जिसमें 70 हजार रुपये, दुकान की चाबियां और जरूरी दस्तावेज थे। अगले दिन सुबह दुकान के पास एक अन्य दुकान के बाहर बैग मिला, जिसमें चाबियां और दस्तावेज तो थे, लेकिन नकदी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में सुबह 8:50 बजे महिला एक युवक के साथ बाइक पर आकर बैग फेंकती नजर आई। इसके बाद दोनों फरार हो गए।