हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान विश्वविद्यालय (जीजेयू) में पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की रिक्त सीटों पर बुधवार को करवाई गई चौथी काउंसिलिंग भी ज्यादा असरदार साबित नहीं हुई। तीसरी काउंसिलिंग के बाद खाली बची 52 सीटों में से केवल दो सीटों पर ही दाखिले हो सके, जबकि अब भी 50 सीटें रिक्त हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार चौथी काउंसिलिंग में एक दाखिला ऑल इंडिया कैटेगरी तथा एक दाखिला हरियाणा ओपन जनरल कैटेगरी में हुआ है। शेष रिक्त सीटों के लिए दोबारा काउंसिलिंग करवाई जाएगी। चौथी काउंसिलिंग सुबह 11.30 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली।
वहीं बीएससी नर्सिंग कोर्स की सभी 100 सीटों पर तीसरी काउंसिलिंग में दाखिले पूरे हो चुके हैं। विश्वविद्यालय में इस सत्र से शुरू किए गए बीएससी नर्सिंग में 100 सीटें और पोस्ट बेसिक नर्सिंग में 60 सीटें निर्धारित की गई थीं।
पैरामेडिकल कोर्सों में दाखिला प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हुई थी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 19 नवंबर रही। नर्सिंग कोर्स में प्रवेश के लिए 23 नवंबर को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 749 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। पहली काउंसिलिंग में विद्यार्थियों की अच्छी भागीदारी रही, लेकिन दूसरी काउंसिलिंग के बाद भी पोस्ट बेसिक नर्सिंग में बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गईं।
पंजीकरण न होने से अटका प्रवेश
पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए हरियाणा नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (एचएनआरसी) एवं मिडवाइफरी काउंसिल में पंजीकरण अनिवार्य है। लेकिन बीएससी नर्सिंग फाइनल ईयर का परिणाम देर से आने के कारण अभी तक कई विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं हो पाया है, जिससे वे पोस्ट बेसिक नर्सिंग में दाखिला नहीं ले पा रहे हैं।
कोर्स की फीस
पहला वर्ष: 98,000 रुपये
दूसरा वर्ष: 1,03,100 रुपये
फाइनल वर्ष: 1,08,200 रुपये
पोस्ट बेसिक नर्सिंग : श्रेणीवार रिक्त सीटें (यथावत)
कोर्स
सीटें
एआई
1
एचओजीसी
21
ईडब्ल्यूएस
03
ओएससी
05
डीएससी
05
बीसी-ए
08
बीसी-बी
06
पीएच
02