हिसार। नेशनल हाईवे 9 पर सबसे बड़े ब्लैक स्पॉट ढंढूर पुल के पास डबल लूप का निर्माण अगले तीन महीने में शुरू होगा। 67 करोड़ रुपये की लागत से यह लूप तैयार किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनएचएआई की टीम ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का मुआयना किया। इस दौरान परियोजना को पूरा करने के लिए काटे जाने वाले पेड़ों की गणना की गई। परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए अधिकतर सरकारी जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
हिसार- सिरसा नेशनल हाइवे नंबर 9 पर ढंढूर के पास एनएच 52 इसे क्रॉस करता है। हिसार से चंड़ीगढ़, बरवाला, उकलाना जाने के लिए वाहन चालक इसी क्राॅसिंग का उपयोग कर एनएच 52 पर चढ़ते हैं। हिसार से चंड़ीगढ़ की ओर से जाने वाले वाहन जब यू टर्न लेते हैं तो हादसे का सबसे अधिक खतरा रहता है। अधिकतर हादसे इसी प्वाइंट पर होते हैं। इस वजह से यह चौक ब्लैक स्पॉट है। यहां कई दुर्घटनाएं चुकी हैं। इस चौक से वाहन चालकों को राजगढ़ की ओर जाना हो तो गलत दिशा में चलना पड़ता है। पिछले एक साल में यहां करीब 20 हादसे हो चुके हैं।
परियोजना के तहत चौक के दोनों तरफ लूप का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 4-4 स्लिप रोड बनाई जाएंगी। मुख्य रोड पर दोनों तरफ वीयूपी (व्हीक्युलर अंडरपास) का निर्माण किया जाएगा। लूप के आकार में स्लिप रोड बनने से वाहन चालक आसानी से किसी भी तरफ मुड़ सकेंगे। वीयूपी की मदद से हाईवे को पार कर सकेंगे। लूप के बनने से चौक पर हादसे की आशंका नहीं रहेगी।
15 एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी
परियोजना के लिए अतिरिक्त जमीन की जरूरत पड़ेगी जो आसपास के किसानों से ली जाएगी। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक करीब 15 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। पहले यह परियोजना रिंग रोड का हिस्सा थी। इसके लिए जमीन का सर्वे भी कर लिया गया था मगर निर्धारित समय में जमीन अधिग्रहण न होने के कारण सर्वे को रद्द कर दिया गया। लूप के लिए चिन्हित की गई जमीन में अधिकतर जमीन सरकारी विभागों की हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय करेगा निगरानी
परियोजना को उस योजना में शामिल किया गया है जिनकी निगरानी खुद प्रधानमंत्री कार्यालय करता है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही सिरे भी चढ़ा दिया जाएगा। इससे यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों के साथ-साथ ढंढूर के ग्रामीणों को भी फायदा होगा।
परियोजना पर एक नजर
67 करोड़ की आएगी लागत
15 एकड़ जमीन की जरूरत पडे़गी
4-4 स्लिप रोड बनेंगी दोनों तरफ
पीएमओ करेगा निगरानी
दोनों तरफ वीयूपी का निर्माण किया जाएगा।
जल्द शुरू होगा काम
ढंढूर के पास एनएच 9 पर बने चौक पर लूप बनाए जाएंगे जिससे वाहन चालक आसानी से आवागमन कर सके और हादसों की आशंका भी नहीं रहेगी। इस परियोजना पर जल्द ही काम शुरू होगा। अधिकारियों की टीम ने मौके का मुआयना किया है। हमें वन विभाग से पेड़ों की कटाई की अनुमति का इंतजार है। - परियोजना निदेशक, एनएचएआई
-
एनएचएआई अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया है। काटे जाने वाले पेड़ों की पहचान कर ली है। एनएचएआई की ओर ओर से पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति का आवेदन किया गया है। हम अपनी रिपोर्ट भेज देंगे।अंतिम निर्णय मुख्यालय के निर्देश पर होगा। - सुरेश कुमार, रेंजर, वन विभाग हिसार