हिसार। एक ढाबे पर प्लेट पकड़वाने से मना करने पर हुए विवाद में कुछ युवकों ने गाेविंद नगर निवासी हलवाई साहिल पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल को जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घायल के बयान तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अर्बन एस्टेट थाना से जांच अधिकारी अनवर के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि शुक्रवार को उसका भाई राहुल डबल फाटक के पास एक ढाबे पर सब्जी लेने गया था। ढाबे पर गोविंद नगर का अभिषेक व अरमान अपने दोस्तों के साथ बैठे थे। अरमान ने राहुल को प्लेट पकड़वाने की बात कही तो राहुल ने मना कर दिया। इस बात वो सभी राहुल के साथ झगड़ा करने लगे। राहुल ने फोन कर इस मामले की सूचना दी। इसके बाद वह अपने दोस्त देवेंद्र के साथ मौके पर गया। इसी बीच अरमान ने वहां करीब 7-8 दोस्तों को बुला लिया। ये सभी उसके साथ ही झगड़ने लगे। अरमान ने चाकू से उसके हाथ व पैर पर हमला कर दिया और फिर आरोपी भाग गए।