हिसार। बाइक पर दूध लेने जा रहे दंपती को सेक्टर-33 क्षेत्र में पीछे से आई एक गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से पति की हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
ऋषि नगर निवासी उर्मिला ने बताया कि रविवार रात वह अपने पति बलजीत के साथ बाइक पर दूध लेने गई थी। लौटते समय सेक्टर-33 में पीछे से तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें संभाला और जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
उर्मिला ने बताया कि हादसे में उनके सिर में चोट आई है, जबकि पति की पसलियों में फ्रैक्चर हुआ है। सिटी थाना से जांच अधिकारी अमित कुंडू ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।